Recent

Recent News

लोक सेवा गारंटी अधिनियम के दायरे में 164 सेवाएं

नीमच। लोक सेवाओं को प्रदान करने की गारंटी अधिनियम में राज्य सरकार 23 विभागों की 164 सेवाएं लाई है। इसके लिए 110 सेवाएं नागरिकों को ऑनलाइन प्रदान की जा रही हैं। एमपी ऑनलाइन के कियोस्क को भी लोक सेवा गारंटी केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
नागरिक इसका उपयोग कभी भी कर सकते हैं। सीएम हेल्पलाइन 181 का भी प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
पालकों को दें सुकन्या समृद्घि योजना की जानकारी
नीमच। विद्यार्थियों के अभिभावकों को शिक्षक-शिक्षिकाएं सुकन्या समृद्घि योजना की जानकारी दें। स्कूल शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारियों को इस आशय के निर्देश जारी किए हैं। इसके प्रभावी क्रियान्वन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने सुकन्या समृद्घि योजना की जानकारी अभिभावकों को देने के निर्देश दिए हैं। योजना में 10 वर्ष की आयु तक की बालिकाओं के बैंक खाते खोले जाएंगे। जमाकर्ता को बैंक पासबुक प्रदान की जाएगी। पासबुक में बालिका की जन्म तारीख व खाता खोलने की तारीख का जिक्र होगा। यह खाता न्यूनतम 1 हजार रुपए से खोला जा सकेगा। इस खाते में योजना अंतर्गत एक वर्ष में अधिकतम 15 हजार रुपए जमा किए जा सकेंगे। यह राशि बालिका को 21 वर्ष की होने पर लाभ के साथ प्रदान की जाएगी।
सहायक विकास विस्तार अधिकारी की दो वेतनवृद्घि रोकी
नीमच। एक सहायक विकास विस्तार अधिकारी की दो वेतनवृद्घि रोकी गई है। पूर्व में जारी नोटिस का जवाब मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। जिला पंचायत सीईओ जमुना भिड़े ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के लक्ष्य पूर्ति नहीं करने व कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने पर कलेक्टर रजनीश श्रीवास्तव ने सहायक विकास विस्तार अधिकारी एचएस भरंग की दो वेतनवृद्घि रोकने के आदेश जारी किए हैं। जनपद पंचायत नीमच में पदस्थ भरंग की मिशन में लक्ष्य के प्रति पूर्ति नगण्य थी। कार्य में लापरवाही भी सामने आई। नोटिस का जवाब भी समाधानकारक नहीं था। इस पर दो वेतनवृद्घि असंचयी प्रभाव से रोकी गई है। यह कार्रवाई मप्र सिविल सेवा नियम 1966 के तहत की गई है।
उद्यानिकी फसलों का बीमा 10 तक कराएं
नीमच। फसल बीमा योजना में मौसम आधारित उद्यानिकी फसलों का बीमा 10 जनवरी तक कराया जा सकता है। उद्यानिकी विभाग के उप संचालक सुभाषचंद्र शर्मा ने बताया कि 10 जनवरी 2017 तक प्रीमियम जमा कर किसान फसल का बीमा करा सकते हैं। जिले में उद्यानिकी फसलों का बीमा एचडीएफसी एग्रो द्वारा किया जा रहा है। रबी सीजन के लिए टमाटर, बैंगन, पत्ता गोभी, फूल गोभी, अंगूर, हरी मटर, लहसुन, धनिया, आम, अनार, आलू व प्याज आदि फसल अधिसूचित की गई है।
निशुल्क गार्ड प्रशिक्षण 10 से
नीमच। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान नीमच 10 जनवरी से निशुल्क सिक्योरिटी गार्ड प्रशिक्षण शुरू कर रहा है। इच्छुक व्यक्ति कार्यालय स्कीम नं. 36 सोलीवाल सदन जिला पंचायत के सामने आवेदन कर सकता है। प्रशिक्षण के लिए 10 जनवरी तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
13 वाहनों के चालान, 7 वाहन जब्त
नीमच। परिवहन विभाग ने चालानी कार्रवाई करते हुए 1 लाख रुपए से अधिक समन शुल्क वसूला है। 13 वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई है। 7 वाहन जब्त किए गए हैं। नीमच-सिंगोली रोड स्थित रतनगढ़ घाट के ऊपर उमर व कांकरिया तलाई मार्ग पर परिवहन विभाग ने चैकिंग अभियान चलाया। परिवहन निरीक्षक प्रवीण नाहर व टीम ने सिंगोली, झांतला, बेगूं, कोटा व अन्य मार्गों पर संचालित वाहनों के दस्तावेज जांचे। 13 वाहनों पर चालानी कार्रवाई कर 1 लाख 80 हजार 50 रुपए का राजस्व वसूला। 7 वाहन जब्त भी किए गए। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
श्रीमद् भागवत कथा आज से
नीमच। श्रीमद् भागवत कथा का वाचन 7 जनवरी से शुरू होगा। वृंदावनधाम के पं. पंकज कृष्ण महाराज 7 से 13 जनवरी तक अग्रवाल पंचायत भवन बारादरी में श्रीमद् भागवत कथा का वाचन करेंगे। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक चलेगी। 7 जनवरी की सुबह गायत्री शक्ति पीठ से बारादरी के लिए कलश यात्रा निकाली जाएगी।
जन कल्याण शिविर
बेगूं। पंचायत दिवस के मौके पर दो पंचायतों में जनकल्याण शिविर आयोजित हुआ। पंचायत समिति बेगूं के अधीन ग्राम पंचायत आवलहेड़ा व रायता में शुक्रवार को पंचायत दिवस मनाया गया। इस मौके पर पं. दीनदयाल उपाध्याय जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। जिला परिषद चित्तौड़गढ़ से आए अधिकारियों ने पंचायत समिति क्षेत्र के ग्राम सेवक, रोजगार सहायक व अन्य कर्मचारियों की बैठक ली। शासकीय योजनाओं की समीक्षा की। जानकारी पंचायत समिति कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक करणसिंह ने दी।
रात्रि चौपाल का शेड्यूल जारी
बेगूं। उपखंड क्षेत्र में रात्रि चौपाल का शेड्यूल जारी किया गया। उपखंड अधिकारी ज्ञानमल खटिक ने शेड्यूल के संबंध में आदेश जारी किए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से रात्रि चौपाल में उपस्थित रहने को कहा है। आदेश के अनुसार 11 जनवरी को ग्राम रायता के अटल सेवा केंद्र, 17 जनवरी को ग्राम गोविंदपुरा, 18 जनवरी को ग्राम चेची व धामंचा ग्राम पंचायत के अटल सेवा केंद्र में रात्रि चौपाल होगी। अधिकांश कार्य व जन समस्याओं का निराकरण मौके पर किया जाएगा।
रेगर समाज का मिलन समारोह कल
नीमच। अभा रेगर समाज का मिलन समारोह 8 जनवरी को भादवा माता स्थित समाज की धर्मशाला में होगा। प्रदेश अध्यक्ष सूरजमल आर्य, महासचिव रतनलाल दूपरया ने बताया कि अभा रेगर महासभा मप्र, युवा प्रकोष्ठ, रेगर महासभा, मप्र व रेगर समाज सकल चौकी का संयुक्त मिलन समारोह 8 जनवरी की सुबह 9 बजे रेगर समाज धर्मशाला भादवा माता में होगा। नववर्ष मिलन समारोह के साथ प्रतिभा सम्मान समारोह भी होगा। आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत कर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। अन्य विषयों पर भी चर्चा होगी।
सड़क पर पानी, नागरिक परेशान
सिंगोली। ग्राम झांतला के नागरिक सड़क पर पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। खस्ताहाल सड़क और जमा गंदे पानी से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। झांतला में मेन सड़क पर पानी जमा रहता है। इसके कारण नागरिकों को मजबूरन गंदे पानी से होकर आवागमन को विवश होना पड़ रहा है। यह सड़क निर्माण कार्य 80 लाख की लागत से होना है। इसकी स्वीकृति भी मिल चुकी है। एसडीएम जेसी मेहरा ने मामले में जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया है।
230 लोगों के दांतों की हुई जांच
सिंगोली। दो दिवसीय निशुल्क डेंटल कैंप हुआ। इसमें 230 लोगों के दांतों की जांच की गई। श्रीमंत सिंधिया फैंस क्लब सिंगोली-रतनगढ़ द्वारा यह दो दिवसीय शिविर आयोजित किया गया था। इसमें दंत चिकित्सक और टीम ने दो दिन तक सेवाएं दीं। उन्होंने 230 लोगों के दांतों का परीक्षण किया। शुभम चतुर्वेदी, स्वप्निल लसोड़, श्रेयांश जैन, निखिल गिर रजनाती, शाहरूख मेव, शाकीर पठान, राहुल पुरोहित सहित अन्य की भूमिका रही।
विद्यार्थियों ने देखी कामा कीरता झील, जंगल भी घूमा
अठाना। स्कूली विद्यार्थियों ने कामा कीरता झील देखी है। उन्होंने जंगल भी घूमा। मप्र ईको टूरिज्म विकास बोर्ड के अनुभुति कार्यक्रम में जावद क्षेत्र के स्कूली विद्यार्थियों को खोज यात्रा पर ले जाया जा रहा है। इसमें अठाना क्षेत्र के बच्चों ने वन विभाग के एसडीओ बीएस अटोदे, आशीष प्लास, पर्यावरण प्रेमी सुधीर भट्ट, वन समिति अध्यक्ष तेजसिंह कीरता के साथ कामा कीरता झील देखी। जंगल घूमकर वन्य प्राणियों के संबंध में जानकारी जुटाई। इस यात्रा में शासकीय उमावि जाट, उत्कृष्ट स्कूल जावद, सरस्वती स्कूल जावद के बच्चे शामिल हुए। उन्होंने क्विज प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। अध्यापक सुनील प्रजापत, नीलेश सोलंकी, बजरंग जटिया ने खोज यात्रा के महत्व के संबंध में जानकारी दी है।
गंदे पानी से नागरिक परेशान
अठाना। तुंबा-अठाना मार्ग पर गंदा पानी बहने से नागरिक परेशान हैं। काफी समय से मुख्य मार्ग पर नाली का गंदा पानी बह रहा है। इससे आम नागरिकों के साथ स्कूली विद्यार्थियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाली निर्माण का ठेका पूर्व में हो चुका है, लेकिन ठेकेदार ने कार्य शुरू नहीं किया। इस पर नागरिकों ने सीएमओ से टेंडर निरस्त कर नई एजेंसी से कार्य कराने की मांग की है। 

Facebook

Comments

'; (function() { var dsq = document.createElement('script'); dsq.type = 'text/javascript'; dsq.async = true; dsq.src = '//' + disqus_shortname + '.disqus.com/embed.js'; (document.getElementsByTagName('head')[0] || document.getElementsByTagName('body')[0]).appendChild(dsq); })();