Important Posts

Advertisement

शिक्षकोंं को भरना पड़ेगा पांच गुना जुर्माना, माशिमं ने इसलिए जारी किया आदेश

जबलपुर। बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों का मनमाने तरीके से मूल्यांकन करने की बढ़ती शिकायतों और छात्र-छात्राओं के भविष्य को देखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कठोर दंड का प्रावधान किया है। गलत तरीके से कॉपियों की जांच करने वाले मास्टरों पर पांच गुना पेनल्टी लगाई जाएगी।
यह व्यवस्था इसी सत्र से लागू हो रही है। इसके तहत हर गलती पर कॉपी जांचने वाले शिक्षक को 100 रुपए जुर्माना देना होगा।

पहले थे 20 रुपए
जानकारों के अनुसार पूर्व में प्रति गलती 20 रुपए पेनल्टी निर्धारित थी। इसके बाद भी कॉपियों की जांच गंभीरता से नहीं हो रही थी। गलत ढंग से कॉपियां जांचने, फिर छात्रों के न्यायालय पहुंचने से माशिमं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए मंडल ने इस बार पांच गुना जुर्माना वसूलने का निर्णय किया है।

मूल्यांकन अधिकारी भी लपेटे में
अभी तक मास्टरों की लापरवाही में मूल्यांकन अधिकारी बच निकलते थे। इस बार माशिमं इन्हें भी दायरे में लाया है। गलती होने पर मूल्यांकन अधिकारी को भी जुर्माना देना होगा।

हेड वैल्युअर की भी कटेगी जेब
जानकारी के अनुसार हर हेड वैल्युअर के अंडर में 50 से 60 वैल्युअर होते हैं। जितने मूल्यांकनकर्ता गलती करेंगे, उनके हिसाब से हेड वैल्युअर से जुर्माना वसूला जाएगा। यदि 30 वैल्युअर गलती करते हैं तो जो जुर्माना इन पर तय होगा, उतनी ही राशि हेड वैल्युअर को देनी होगी।

...वेतन से कटौती
माशिमं ने निर्णय किया है कि यदि कोई मूल्यांकनकर्ता लापरवाही के बाद भी जुर्माना राशि जमा नहीं करता है तो मंडल उसके वेतन से राशि काटेगा। पिछले साल कुछ शिक्षकों ने जुर्माना राशि जमा नहीं की थी। इसलिए यह निर्णय किया गया है।

मूल्यांकन में लापरवाही को देखते हुए माशिमं ने पेनल्टी पांच गुना तय किया है। शिक्षकों का दायित्व है कि वे पूरी गंभीरता से मूल्यांकन करें। डीईओ की जिम्मेदारी है कि विषय विशेषज्ञों का ही मूल्यांकन के लिए चयन करें।
- इब्राहिम नंद, संभागीय अधिकारी, माशिमं

UPTET news

Facebook